अभिनय का 'आलोक' : स्वप्न, संघर्ष और यथार्थ

 

अभिनय का 'आलोक'

स्वप्न, संघर्ष और यथार्थ




इस किरदार को जो क़रीब से जानते हैं उन्हें मालूम है कि नाटक और केवल नाटक के लिए आलोक को मरण का त्योहार भी स्वीकार रहा। इस फ़नकार की फ़क़ीराना फ़ितरत कुछ ऐसी कि कबीर याद हो आते हैं- ‘‘हमन है इश्क़ मस्ताना हमन को होशियारी क्या’’! मुम्बई ने कई बार पुकारा पर आलोक अपनी सौगंध पर टिके रहे। रंग गुरु कारन्त काल कवलित हुए और भारत भवन के रंगमण्डल का हसीन सपना भी एक दिन ज़मींदोज़ हो गया। दीगर साथी कलाकारों के साथ आलोक के लिए भी यह गहरा आघात ही था। उन्होंनेदोस्तके नाम से ख़ुद का रंग समूह बनाया। नए कलाकार जुटाए। नाट्य प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू किया। पर यह सबजीवन के रंगमंचकी साँसों को थामने के लिए नाकाफ़ी रहा। यही इम्तिहान का वक़्त भी था। फाक़ा-कशी का दौर आया। आलोक के पाँव डगमगाए भी, पर नियति ने हाथ थाम लिया। रंगरथ लिए आलोक फिर चल पड़े।

स्कंदगुप्त, ध्रुवस्वामिनी, मृत्युंजय, शकुंतला की अंगूठी और डेथ आॅफ सेल्समेन सहित बहुतेरे नाटकों के इस किरदार का यक़ीन उस सुबह को लौटाने के लिए काफ़ी था जहाँनटसम्राटका चरित्र रंगमंच पर उनके अभिनय जीवन की स्वर्ण रेखा खींचने को आतुर था। रंगमण्डल के दिनों के साथी और आज की सिने दुनिया के कला निर्देशक जयंत देशमुख थिएटर की ओर लौटने की ख़्वाहिश लिए एक दिन भोपाल आए और रात कीबैठकमें आलोक सेनटसम्राटकी हामी भरवा ली। यही प्रस्थान बिन्दु था आलोक के नए उत्कर्ष का।गणपत बेलवलकरके चरित्र में वे मानों ख़ुद को जी रहे थे। ऐतिहासिक मंचन और बेतहाशा तारीफ़ें। सम्मान और पुरस्कारों का नया सिलसिला। कुछ देर ही सही लेकिन संगीत नाटक अकादेमी, दिल्ली के पुरस्कार ने आलोक के रंग लोक को नई आभा प्रदान की। आलोक से बतियाना सदा ही नए रंग बोध के उजाले में ख़ुद को पाना रहा। स्मृति, ज्ञान और अनुभव की विपुल सम्पदा के वे धनी थे।

०००००००००

रंगमंच मेरी मुक्ति का मार्ग

"मेरे रंग गुरू कारन्त कहते थे- नाटक करते जाओ... करते जाओ। उसी में जीवन सार्थक हो जाएगा। तुम उसी में रो लेना। उसी में हँस लेना। उसी में ईर्ष्या कर लेना। उसी में चिल्ला लेना। उसी में देवता बन जाना। उसी में पॉकेट मार भी बन जाना। इतने जीवन जी लेना तुम वहाँ, कि तुम्हें अपना जीवन दूसरों के जीवन से बहुत विस्तारित  और विशाल लगे। नाटक का अनुभव तुम्हें एक अनोखे क्षितिज पर ले जाए! एक नए आसमान की ओर जाओ आलोक। मेरे लिए संगीत मुक्ति का माध्यम रहा तुम्हारे लिए अभिनय मुक्ति का माध्यम बने"

 

आपको कब आभास हुआ कि आपके भीतर एक अभिनेता है जो रंगमंच पर जाना चाहता है?

- इसके ठीक उत्तर पर आने से पहले बताना चाहूँगा कि मेरा जन्म दमोह में हुआ है। माँ मेरी रबीन्द्रनाथ टैगोर के बेटे से संगीत सीखती थी देहरादून में। पिताजी ग्वालियर मुरैना शिवपुरी में शेक्सपियर के नाटक अंग्रेजी में करते थे, जब पढ़ते थे। तो ज़ाहिर है कि मुझे कुछ चीज़ें विरासत में जेनेटिकली मिल गयीं। तो मैं जब 5 वर्ष का था तो दुर्गा पूजा के अवसर पर रबीन्द्रनाथ टैगोर की कविता प्रार्थना मेरी माँ ने मुझे याद कराके दुर्गा अष्टमी के दिन मंच पर खड़ा कर दिया कि इसका पाठ करो। तो मंच पर मेरा पहला पदार्पण कविता के माध्यम से हुआ। दुर्गा अष्टमी के दिन पर हुआ और माँ के द्वारा हुआ। उसी साल फिर स्कूल मेंभारत मातानाटक में डॉक्टर का रोल मिला जिसमें एक ही डायलॉग था- “मेरे देश के रोगी जनों का इलाज कौन करेगा? माँ, मैं करूँगा, मैं करूँगा" तो उसके साथ शुरू हो गया। लगभग पचपन-छप्पन साल हो गए इस बात को। चल रहा है सिलसिला।

बचपन में कौतूहल होता है कि मंच पर जाएँ। कुछ करें। लोग देखें। शाबाशी मिले। लेकिन बहुत ही सधे क़दमों से रंगमंच पर प्रवेश करना, उसको ठीक ढंग से समझना और गम्भीरता से नाट्य कला को समझकर अपना भविष्य बनाना, यह कब सोचा?

- मेरे साथ बहुत छोटी उम्र में शुरू हुआ यह सिलसिला लगातार इसलिए जारी रहा कि दमोह में मैं जहाँ मिशन स्कूल में पढ़ता था। वहाँ के टीचर्स ड्रामा करवाने में बड़ी रुचि रखते थे। प्रेमचंद जयन्ती, निराला जयन्ती, स्वतंत्रता जयन्ती, गणतंत्र जयन्ती सारी जयन्तियों पर छोटे-छोटे नाटक करवाते थे। ऐसे आठवीं तक मैं करता गया। नौवी कक्षा में मैं जबलपुर आया। पिताजी का ट्रांसफर होने से। पिताजी रेलवे में गार्ड थे। वहीं हम बुन्देलखण्ड से एकदम सेंट थॉमस जैसे अंग्रेजी माध्यम में चले गए। जहाँ हॉलैंड के प्रोफेसर एमल्शन हमारे प्रिंसिपल होते थे। डच प्रोफेसर थे वो। सेंट थॉमस में नाटक ज़्यादा नहीं हुए। लेकिन जब मैं कॉलेज पहुँचा तो फर्स्ट ईयर में युवा उत्सव में मुझे बेस्ट एक्टर का अवार्ड मिला। वह देखने के बाद ज्ञानरंजन जी के द्वारा हरिशंकर परसाई जी का एक मैसेज आया कि अगर तुम्हें नाटक करना है तो सिर्फ़ कॉलेज में नाटक करने से कुछ नहीं होगा किसी संस्था के साथ जुड़कर नाटक करो। मैंने कहा- मुझे नहीं मालूम कि जबलपुर मैं कौन सी संस्था है। बाद में मालूम हुआ कि मिलन है, कचनार है, मित्र संघ है, विवेचना है। तो बोले कि विवेचना संस्था से हम लोग जुड़े हुए हैं। चाहे तो वहाँ चले जाओ। एक प्रोफेसर प्रभात थे हमारे जियोलॉजी डिपार्टमेंट के। उनके थ्रू ज्ञान जी, ज्ञान जी के थ्रू परसाई जी एण्ड देन विवेचना और अलखनंदन जी से परिचय हुआ। और वह मेरे गम्भीर शौक़िया रंग कर्म की शुरुआत कही जा सकती है।

वाह! लेकिन यहीं से द्वन्द्व भी शुरू होता है शौक़ और रोज़ी के बीच। बड़ी इच्छाशक्ति चाहिए इस समय।

- मैं समझ गया आपकी बात। दरअसल मैंने हायर सेकेंड्री पास किया उसके बाद उस समय प्री मेडिकल होता था। पीएमई। तो पीएमई में फर्स्ट अटेम्प्ट में मेरा मेडिकल कॉलेज में सिलेक्शन हो गया और मैं एक हफ़्ते जबलपुर मेडिकल कॉलेज गया। मैंने अपने पिताजी से  कहा कि मुझे नहीं डॉक्टर क्योंकि मोटा चश्मा लग जाएगा। विल्स सिगरेट की डब्बी हाथ में होगी। सफेद हाफ़ कोट होगा। मुझे नहीं बनना यह सब। मुझे तो नाटक ही करना है। चूँकि मेरे पिताजी स्वयं नाटक करते थे। जानते थे। उन्होंने कहा- ठीक है, तुम दो भाई हो। बहन तो तुम्हारी है नहीं। तुम्हें कोई चिन्ता नहीं करनी है। एक काम करो, तुम नाटक ही करो। लेकिन गधे बन के नाटक करके क्या करोगे? मैंने कहा- मैं बीएससी कर लेता हूँ। बीएससी कर लेने से 2 महीने पढ़कर मैं पास भी हो जाऊँगा और साल भर मैं नाटक भी करूँगा। तो मैंने अपना मेडिकल का ट्रेंड छोड़कर चुना ही रॉबर्टसन साइंस कॉलेज जबलपुर को इसीलिए कि मुझे नाटक करना था। थर्ड ईयर तक आते-आते दिमाग में ये आया कि मुझे नौकरी नहीं करनी है कहीं। मुझे नाटक ही करना है। लेकिन मेरे सामने कोई रास्ता नहीं था कि नाटक करना है तो कैसे करना है? 1980 में ग्रेजुएट हुआ। 6 महीने बीते इस उहापोह में रहा कि क्या करूँ, क्या ना करूँ? हेमलेट काटुबी और नॉट टू बी इस बीच रेलवे से कमर्शियल इंस्पेक्टर का साक्षात्कार कॉल आया। डेज केमिकल से मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव का आया। उषा सिंगर मेरिट कम्पनी से मार्केटिंग सेल्स हेड का आया कि आप ज्वाइन कर सकते हैं। चौथा कॉल आया अख़बार का कि भोपाल में भारत भवन बन रहा है। इसमें रंगमण्डल की स्थापना होनी है। इच्छुक युवा आवेदन करें। मैंने तीन सरका दिए और रंगमण्डल के लिए आवेदन कर दिया। मेरा इंटरव्यू कॉल गया। मैं रंगमण्डल का इंटरव्यू देने आया। यहाँ कारन्त साहब से मेरी मुलाक़ात हुई। वे ही मेरे फ्रेंड, फिलॉसाफर, गाइड और गुरु रहे। उनके हाथों वास्तविक दीक्षा 1982 से शुरू होती है।

कारन्त जी जैसे मूर्धन्य रंगकर्मी ने आपकी प्रतिभा पर जब मोहर लगा दी तब क्यों ज़रूरी समझा आपने कि आपको राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त करना है?

- असल में हुआ ये कि जब दो साल रंगमण्डल के हो गए तो मैं सौभाग्य से लगभग उसके अधिकतर नाटकों में नायक था। चतुर वाणी, अंधायुग, हयवदन, आधे-अधूरे ये सारे नाटक मैं कर चुका था। मुझे कारन्त जी पढ़ने के लिए बहुत ज़ोर देते थे। बोले- “अगर तुम्हें थिएटर में जीवन गुज़ारना है तो कविता, यात्रा संस्मरण, खोज, वैज्ञानिक कथाएँ, लुप्त कथाएँ, गुप्त कथाएँ, जो भी मिले पढ़ना पड़ेगा। बिना पढ़ें नहीं चलेगा। मेरा सवाल ये रहता था कि बाबा आज यहाँ फेस्टिवल है, कल वहाँ फेस्टिवल है, आज वहाँ टूर है कल वहाँ टूर है। हम तो दिन-रात सफ़र में ही हैं। तो हम पढ़ें कब? कंसेंट्रेट करके पढ़ें कब? मेरे दिमाग में आया, क्यों ना राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय जाऊँ! मैंने कारन्त जी से कहा कि मैं दिल्ली जाता हूँ। पहले उन्होंने मुझे रोकने के कुछ तर्क दिए फिर मेरी ज़िद पर कहा- “अच्छा, ठीक है जाओ। उस साल सिलेक्शन कमेटी में कारन्त जी थे, मोहन महर्षि थे, राम गोपाल बजाज थे, नेमीचंद जैन थे, एम के रैना थे। कारन्त जी इंटरव्यू कमेटी में नहीं पहुँचे। मैं जब एनएसडी पहुँचा तो मोहन जी ने मुझसे पूछा कि हाउ इज कारन्त? मैंने कहा- 'ही इज फाइन तो बोले- “नहीं कल रात को फोन आया कि उनकी तबीयत ख़राब हो गई है। वो नहीं पा रहे हैं।मैंने कहा- “मैं तो कल रात को ही उनके पाँव छूकर ही स्टेशन पर आया था। तब तक तो ठीक थे। पता नहीं बाद में क्या हुआ?” इन्टरव्यू देकर जब मैं लौटा तो मेरा फाइनल वर्कशॉप के लिए सिलेक्शन हो गया। भोपाल लौटा तो मैंने देखा कारन्त जी खिलखिला के हँस रहे हैं। प्रोफेसर कॉलोनी के अपने बंगले के झूले पर बैठ थे। मैंने कहा- “आप तो बिल्कुल ठीक हैं।तो बोले- “तुम्हारे लिए मुझे झूठ बनना पड़ा। देखो, अगर मैं सिलेक्शन कमेटी में होता और तुम्हारा सिलेक्शन होता तो सब कहते कि कारन्त ने ही तुम्हारा सिलेक्शन करवाया और अगर दुर्भाग्य से तुम्हारा सलेक्शन नहीं होता तो तुम ही कहते कि कारन्त ने मुझे रोक दिया। तो मैं क्यों भला-बुरा बनूँ। तुम जानो तुम्हारा काम जाने। सिलेक्शन हो गया, बधाई हो। लेकिन अभी भी कह रहा हूँ, फाइनल वर्कशॉप देके वापस रंगमण्डल में ही रहो। मत जाओ" मैंने कहा- “बाबा अब जाने दीजिए" उन्होंने कहा- 'जाओ' फिर मैंने एनएसडी 1984 में दाखिला लिया और 87 में पास किया। एनएसडी के ये तीन बरस नाटक को समग्रता में समझने और अभिनय को बरतने के नायाब कौशल की सौग़ात बने।

आपकी प्रतिभा को गढ़ने में एनएसडी का क्या योगदान रहा?

- एनएसडी यानि एकेडमिक एनवायरमेंट विद क्रिएटिविटी। ऐसा वातावरण था जिसमें 24 घण्टे आपको सोचना भी थिएटर ही था। करना भी थिएटर था। लिखना भी थिएटर था। पढ़ना भी थिएटर था। खाना भी, ओढ़ना भी, पीना भी। जब नसीर भाई (नसीरुद्दीन शाह) पहली बार आए हमारे साथ एक्टिंग वर्कशॉप लेने के लिए तो उन्होंने यह भी कहा कि नहाते समय तुम लोग को यह एक्सरसाइज़ करनी है और आगे फिर परफॉर्म करना है। खाना खाने का 45 मिनट का ब्रेक है। खाना खा लो लेकिन उस बीच लेसन तैयार करके आना और लौटकर आकर परफार्म कर देना। तो आपको और कुछ में रहना ही नहीं है। दिल्ली में सारे समकालीन महत्वपूर्ण निर्देशकों के नाटकों को देखना जिसमें पणिक्कर हों या हबीब साहब हों, रुद्रप्रताप गुप्ता हों, श्यामानंद जालान हों या कारन्त साहब। बंसी कौल उस समय युवा थे। एम के रैना भी थे। अनुराधा कपूर युवा टीचर थीं। कीर्ति जैन युवा टीचर थीं। पूरा माहौल मिलता था कि कहीं भी जाकर आपकी प्रतिभा निखर सकती है, रिच हो सकती है। एनएसडी ने मुझे एक बौद्धिक दृष्टि दी। पढ़ने-लिखने का समय दिया। एक क़िस्सा एनएसडी में भी मेरे बारे में बताते हैं पत्नी शोभा भी बताती है कि एक बार तीन दिन की छुट्टी थी। उसने प्लान बनाया कि तीसरे दिन मेरे से मिलकर आगे भोपाल चली जाएगी। तो वो जब आई तो उसे पता चला कि आलोक चटर्जी फ्राइडे सेटरडे संडे हॉस्टल के अपने कमरे से निकले नहीं है। उनके नाश्ते और खाने को कोई ना कोई जाकर पहुँचा देता है। वह सिगरेट के पैकेट लेकर बैठे हैं। मोहन राकेश रचनावली, एंटोन चेखव के नाटक, शेक्सपियर समग्र और निराला की कविताएँ और रघुवीर सहाय यह सब कुछ ले गए हैं। उन तीन दिनों में सब मैंने पढ़ लिया था। मेरे अन्दर वो भूख आज भी उतनी ही है।



नाटक की चुनौती दरअसल उसका मंचन है। जिस समय वह मंचित हो रहा है दर्शकों के सामने, यह चुनौती का क्षण होता है। इस बीच तालियाँ आपके कानों तक पहुँचती है। ज़िक्रनट सम्राटका, लोग खड़े होकर आपका अभिवादन करते हैं। उस क्षण की अनुभूति कैसी है?

- तालियाँ भी दो तरह से बजती हैं। एक तो हूट करने के लिए भी बजती हैं कई बार इस इशारे के साथ कि ख़त्म करो कितनी देर से सीन चल रहा है। लेकिन जिसकी बात आप कर रहे हैं कि दर्शकों को बहुत अच्छा लगा हो और वह स्टैंडिंग ओवेशन तालियाँ बजा कर दे रहे हों तो एक अभिनेता के रूप में मंच पर खड़े होकर उस समय बे-शक़ अलहदा सा लगता है। एक आध्यात्मिक यात्रा का अनुभव होता है कि हमने जिस किरदार को डेढ़-दो-घण्टे अपनी आत्मा में अपनी छाती से लगाकर किया ईमानदारी के साथ उस ईमानदारी की परख देखने वालों को है। उसको इज़्ज़त देना जानते हैं। मेरा मानना है कि रिपेर्टरी में रहने वाला एक्टर शायद गणपत राव बेलवलकर नहीं कर पाएगा। शुद्ध शौक़िया रंगमंच का अभिनेता इसको कर पाएगा। जिसको शौक़िया रंगमंच और व्यावसायिक रंगमंच, ग्रुप थिएटर सबका अनुभव होगा और जो ख़ुद 40-45 साल से एक्टिंग कर रहा होगा वही गणपत राव बेलवलकर कर सकेगा। इसीलिए तो श्रीराम लागू ही कर पाए थे ना पहली बार इसे मराठी में। वही तो मराठी के पहले नट सम्राट रहे। मैंने बार-बार अपने इंटरव्यू में भी बोला है कि मुझे लगता है कि दो घण्टे गणपत राव मेरे भीतर है और मैं नहीं, वह अभिनय कर रहा है। वही अपनी कहानी कह रहा है। दो घण्टे बाद वह मुझे निचोड़कर एक गन्ने की गंडेरी जैसा छोड़ देता हैं। मैं एक तरह से एग्जॉस्ट हो जाता हूँ। भावनात्मक रूप से, बौद्धिक रूप से, बोलने की दृष्टि से। मतलब आई वॉज टोटली लाइक दिस। जैसे किसी चीज़ के ऊपर कोई तूफ़ान आया हो, उसे झंझोड़ा हो, अस्त-व्यस्त छोड़कर चला गया हो।

तो एनएसडी ने परिष्कृत किया आपकी रंग प्रतिभा को। आमतौर पर एनएसडी के बाद दो दिशाएँ होती हैं। या तो आप वापस अपने रंगमंच की चौखट में लौट आएँ या ग्लैमर के आसमान की उड़ान भरें। यानि, सिनेमा और दूरदर्शन। आपके बहुत सारे सीनियर वहाँ होते ही हैं। आपने नाम लिया नसीरुद्दीन शाह का। आपके बैचमेट तो ओमपुरी भी थे। और भी बहुत सारे सितारे जो आज हम देखते हैं
एनएसडी पास आउट। आपने रंगमंच पर लौटना क्यों गवारा किया?

- चाहता, तो मैं वही करता। थिएटर मेरी चॉइस है, मेरी मजबूरी नहीं। क़िस्सा यह है कि कारन्त जी ने मेरा पता किया कि एनएसडी में मेरा चयन हो गया। कहा- “अब तुमसे कैसे मिलेंगे हम? तुम तो चले जाओगे सिनेमा में।मैंने कहा- “मैं क्यों सिनेमा में चला जाऊँगा।बोले- “गिरीश कर्नाड चला गया। नसीर, ओम पुरी चला गया। राज बब्बर चला गया। तो तुम भी ठीक एक्टर हो, तुमको भी काम मिलेगा तो तुम क्यों नहीं जाओगे?” मैंने कहा- “मैं आपसे वादा करता हूँ कि मैं एनएसडी रिपेर्टरी में जाऊँगा और ना ही बॉम्बे जाऊँगा। मैं लौटकर रंगमण्डल आऊँगा और 25 साल कैमरा फेस नहीं करूँगा। 25 साल में कोई भी काम आएगा मैं नहीं करूँगा।और यह हुआ कि एनएसडी थर्ड ईयर में ही मुझे मणि साहब नेबाज बहादुर रूपमतीमें बाज बहादुर का रोल ऑफर किया। चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने मुझे चाणक्य में चंद्रगुप्त का रोल ऑफर किया। एक और फिल्म थी मणिकौल की 'इडियट मेन' जिसमें बॉटम का रोल करने वाला था। मैने सबके हाथ जोड़े। मैंने कहा कि नहीं, मेरा तो टूर है पटना अररिया और पूर्णिया का। मैं वहाँ जा रहा हूँ। और मैं छोड़कर चला गया। मुझे यश चोपड़ा जी ने बेस्ट एक्टर अवार्ड लेते समयचाँदनीभी ऑफर की थी। और कहा था आप यहीं रुक जाइए। यहीं लोधी गार्डन से शूटिंग शुरू हो रही है। बजाज साहब उस समय थे। वो साक्षी रहे इस बात के। मैंने चोपड़ा से कहा- नहीं सर, मैं तो जा रहा हूँ। मुझे अभी नहीं करना।

दरअसल हर बार मुझे अपने गुरू और ख़ुद से किया कमिटमेंट याद आता रहा। और ये भी पूरी सचाई से भरकर कह रहा हूँ कि मेरी परम संतुष्टि थिएटर में है। ऐसा नहीं कि फि़ल्म और टीवी को मैं अस्पृश्य माध्यम मानता हूँ पर शायद ईश्वर ने मुझे नाटक के लिए ही पैदा किया।

चलिए लौटते हैं रंगमण्डल की ओर। कैसे स्वरूप ग्रहण किया रंगमण्डल ने?

- कहाँ-कहाँ से हम आए थे आपको भी पता है। हम लोग गुना से आए थे। जबलपुर से आए थे। बैतूल से आए थे। रायपुर से आए थे। बिलासपुर से आए थे। भोपाल के कुछ लोग थे। इन्दौर-उज्जैन के लोग भी थे। सब अपने-अपने ग्रुप थिएटर से आए थे। किसी को वेल ट्रेंड एक्टर नहीं कह सकते थे आप। कारन्त जी चाहते भी नहीं थे कि एनएसडी का कोई ट्रेंड एक्टर रंगमण्डल में हो। इसलिए उन्होंने सिर्फ़ अलोपी वर्मा जी को सेट डिज़ाइन के लिए, लाइट डिज़ाइन के लिए सुरेश भारद्वाज को और प्रोडक्शन के लिए जावेद जैदी को रखा। ऐज एन एक्टर किसी एनएसडी वाले को नहीं रखा। क्योंकि वह बोलते थे कि मैं एनएसडी छोड़कर इसलिए नहीं आया कि एनएसडी वालों को लेकर एक रंगमण्डल बनाऊँ। मैं एनएसडी छोड़कर इसलिए आया है कि मैं अनगढ़ मिट्टी के साथ काम करूँ। मुझे गुना का एक आदमी चाहिए जो हनुमान जी के मन्दिर में बैठकर भजन भी गाता है। मुझे छत्तीसगढ़ का एक किसान चाहिए जो शाम को बीड़ी भी पीता है और गाना भी गाता है नाचा का। मुझे उज्जैन में कालिदास अकादमी का संस्कृत नाटक देखने वाला दर्शक भी चाहिए जो अभिनेता हो। सॉन्ग एण्ड ड्रामा डिविजन से भी लोग थे। रायपुर यूनिवर्सिटी से भी लोग थे। हम लोग जैसे भी थे जो अलख जी के साथ सीरियस थिएटर करके जबलपुर से आए थे। कुछ लोग ऐसे भी थे जिन्होंने थिएटर किया ही नहीं था ज़्यादा। कारन्त जी ने कहा कि तुम्हारी शक्ल देखकर लगता है कि तुम कुछ कर सकते हो। अगर कुछ कर सकते हो तो ठीक है नहीं तो 3 महीने का पीरियड है। इसके बाद हम आपको नहीं रखेंगे। या तो प्रूफ कर दो अपने आप को या वापस चले जाओ। तो इस प्रक्रिया के साथ 17 लोगों को लेकर रंगमण्डल शुरू हुआ था।

प्रशिक्षण, अभ्यास.... क्या था तौर तरीक़ा?

 - हम लोगों के साथ बाबा पूरे समय सक्रिय रहते थे। फिर देश के नाट्यकर्मियों का आना शुरू हुआ। बादल सरकार भी आए। नौटंकी के उस्ताद भी आए। रिहर्सल करो और शाम को शो करो। उस दौरान हम लोगों ने आल्हा भी सीखा। नाचा भी सीखा। माच भी सीखा। पूर्वरंग में हम लोगों को इसका आधा घण्टे का परफॉर्मेंस देना पड़ता था कि आपने क्या सीखा। साथ में 'हयवदनभी चल रहा है।आधे-अधूरेऔरअंधायुगभी चल रहा है। फिर एक साथ तीन ऑडिटोरियम में सात बजे तीन नाटक एक साथ शुरू हो रहे हैं। और तीनों हाउसफुल हैं। तीनों टिकटेड है। थिएटर की वो पराकाष्ठा कारन्त जी ने रंगमण्डल में की थी।घासीराम कोतवालका शो। पूरा बहिरंग 7 बजे भरा रहता था। कारन्तजी ने हमसे बहुत टूर करवाये। कहते थे कि प्रवास में एक दूसरे को ज़्यादा पहचानोगे। एक कमरा शेयर करना पड़ेगा तो सुबह बाथरूम पहले कौन जाएगा को लेकर झगड़ा होगा। एक आदमी को लेट नाइट लाउड म्यूज़िक सुनने की आदत है। दूसरे को 8 बजे सो जाने की आदत है। एक आदमी को रात को बियर पीना अच्छा लगता है। दूसरे आदमी को सवरे पूजा करनी अच्छी लगती है। तो ऐसे लोग जब रूम में रहेंगे और 20 दिन टूर करोगे तब पता चलेगा इंसानियत और उसका व्यवहार क्या होता है? मार्केट में जाकर कैरेक्टर ऑब्जर्व करने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। ये ट्रेनिंग आज तक काम कर रही है। रंगमण्डल से निकले हुए लोग आज भी भोपाल और अन्य जगहों पर बढ़िया सक्रिय हैं। आप जानते ही हैं।

प्रतिभा का एक पैमाना तो रंगमण्डल ने गढ़ा ही था लेकिन उस समय एक प्रतिपक्ष भी रंगमण्डल के सामने खड़ा हुआ। ऐसा सुनते हैं कि बहुत सारे लोगों ने इसकी आलोचना भी की। शौक़िया रंगमंच कहीं कहीं उससे आहत हुआ। इस भ्रमजाल को थोड़ा साफ़ करिए।

- हुआ ये था कि भोपाल उन शहरों में था जहाँ रंगमण्डल बनने के 6 साल पहले कारन्त जी 2 वर्कशॉप कर चुके थे 73-74 और 74-75 में। उससे पापिया दास गुप्ता से लेकर रीता वर्मा, राजीव वर्मा जैसे लोग प्रशिक्षित होकर काम कर रहे थे। वेणु गांगुली, प्रशांत खिरवड़कर भी। दो समूह बनेरंगशिविरऔररंगायन उन्होंने गम्भीर रंगकर्म करना शुरू किया। यह कारन्त जी की उन दोनों वर्कशॉप से ही हुआ।

रंगमण्डल ने जब पूरे मध्य प्रदेश का टूर किया तो बालाघाट से लेकर बीना और इटारसी से लेकर होशंगाबाद, गुना से लेकर अशोकनगर तक में शौक़िया रंगग्रुप बने। नाटकों को देखने वालों में से बने। उनको ग्रुप चलाते हुए 25 साल हो गए। नए रंग दल बने। शौक़िया रंगकर्म ख़त्म नहीं हुआ। हाँ, ये ज़रूर है भोपाल में जब रंगमण्डल नाटक करता था तो वह एक भव्यता के साथ करता था, क्योंकि प्रोफेशनल थिएटर था। सेट में, लाइट में, कॉस्ट्यूम में, मेकअप में कोई कंप्रोमाइज नहीं। 30-40 हज़ार रुपए उस समय बजट होता था नाटक का और उस समय शौक़िया रंगकर्म डेढ़ हज़ार रुपए में हो रहा है। लोगों ने नई चीज़ के प्रति आकर्षण दिखाया। टिकट लेकर नाटक देखना शुरू किया। उनको एक संतोष का अनुभव होता था। शौक़िया रंगमंच तो वो देख ही रहे थे। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि भोपाल में भी उसका कोई बहुत सारा नुकसान हुआ। यह ज़रूर है कि कुछ समय के लिए शौक़िया रंगकर्म यहाँ का ठहर गया। प्रतिपक्ष इसलिए आता है क्योंकि रंगमण्डल सरकारी था। यह सवाल तो दिल्ली में आज भी है। मैं जब विद्यार्थी था तब भी था। जब कारन्त जी विद्यार्थी थे एनएसडी के, तब भी था कि एनएसडी ने दिल्ली का थिएटर बर्बाद कर दिया है। श्रीराम थिएटर, एलटीजी थिएटर या एनएसडी का थिएटर, एनएसडी रिपेर्टरी का थिएटर इनकी मिसाल ली जा सकती है।

ये सवाल हमेशा होता है कि सरकारी सुविधा ने हमारी सृजनात्मकता को ख़त्म कर दिया। किसी भी जगह काम करने के मौक़े सबको नहीं मिलते। यह बात बाद में लोगों को समझ में आई कि प्रोफेशनल थिएटर का उदगम शौक़िया रंगकर्म है। रंगमण्डल वाले आए कहाँ से थे? शौक़िया रंगमंच से ही तो आए थे। किनके साथ काम कर रहे हैं? शौक़िया रंगमंच में ही तो काम कर रहे हैं। ये रंगमण्डल का योगदान कहा जाना चाहिए।




हम सबने रंगमण्डल भारत भवन का सुनहरा दौर देखा। आज भी उसके नाटकों को नज़ीर की तरह पेश किया जाता है। लेकिन कहते हैं- “हर पूर्णता को जीवन में अधूरेपन से गुज़रना होता है।सो, रंगमण्डल भी इस नियति से अछूता नहीं रहा। दुर्भाग्य से बहुत लम्बी उम्र तय नहीं कर पाया रंगमण्डल। विवाद, परस्पर कलह, अहंमन्यता, प्रशासनिक दाँव-पेंच का अजीब दौर रहा वो।

- दरअसल, ये भी विचित्र क़िस्सा है कि रंगमण्डल में जब हबीब साहब आए बतौर डायरेक्टर तब कलाकारों और प्रशासन के बीच में विवाद शुरू हुआ। मामला न्यायालय तक गया। मैं उसके 2 साल पहले रंगमण्डल छोड़ चुका था। यह शुरू हुआ 92 में। डिसीजन आया 97 में। लेकिन मैं अक्टूबर 90 में रंगमण्डल छोड़ चुका था। कारन्त जी ने मुझे कह दिया था कि अब निकलो। तुमने 3 साल एनएसडी को दे दिए। 6 साल यहाँ दे दिए। अब अपना कुछ करो। मैंने एक्टिंग टीचर के रूप में एनएसडी में पढ़ाना शुरू कर दिया था। एनएसडी की सिलेक्शन कमेटी में मैं गया था। संगीत नाटक अकादमी के यंग डायरेक्टर प्रोजेक्ट में मैंनेध्रुवस्वामिनीकर दिया था। टैगोर का 'राजा' कर दिया था। जब रंगमण्डल का विवाद शुरू हुआ तब तक मैं अपने आपको राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने में सफल हो चुका था। और 97 तक तो काफ़ी आगे गया था।

इस बीच आपके जीवन में एक और घटना घटती है विवाह की और आपके जीवन में आती हैं शोभा चटर्जी, जो कि ख़ुद रंगमण्डल में अभिनेत्री थीं।

- ऐसा हुआ कि रंगमण्डल में शोभा और मैं हम दोनों ही जबलपुर से आए थे सेलेक्ट होकर। लेकिन हमारी कोई बातचीत 8-9 महीने तक आपस में नहीं थी। दूसरी लड़कियों से थी। उनकी भी दूसरे लड़कों से बातचीत थी लेकिन मुझसे कोई बहुत ज़्यादा बातचीत नहीं थी। हेलो-हाय जैसा ही था। लेकिन आठवें नौवें महीने में वर्ल्ड थिएटर के बेरी जॉन आए और उन्होंनेदो कश्तियों का सवारनाटक डायरेक्ट करवाया। दूसरा नाटक करवायाएक्सीडेंटल डेथ ऑफ एन अनार्किस्ट उसमें एक ही लड़की रिपोर्टर का रोल है। वह उन्होंने दिया शोभा को। इस तरह से भी हम लोग दो ग्रुप में बँट गए। जब बैरी जॉन चले गए तोएक्सीडेंटल डेथके शोज़ बन्द हो गए। लेकिनदो कश्तियों का सवारके 18 शो मिले। वह रोल करने वाली अभिनेत्री नीला हेमंत थी रायपुर की। वह रायपुर लौट गयीं तो कारन्त जी ने मुझे कहा कि पहला शो परसों है। तुम लोग बस में साथ में सीट में बैठो। तुम उसको पूरा रोल समझाओ। डायलॉग उसको रटवाओ। रीडिंग करो शो आप दोनों को करना है। 28 दिनों का टूर था। उस टूर में ही कुछ शुरू हुआ। कुछ अंकुरित हुआ। रसायन का परस्पर मेल हुआ। फिर भोपाल लौटकरआधे अधूरेके शोज़ हुए अलख जी के निर्देशन में। उन दिनों हम दोनों की बॉन्डिंग अच्छी बनने लगी थी।हयवदनतक आते-आते क्लियर हो गया। हम दोनों उस ज़माने के प्रेमी थे। हम बड़े नैतिक थे। हम रात को ही इन्दौर-बिलासपुर एक्सप्रेस ट्रेन से जबलपुर लौटे। अपने पेरेंट्स को बताया। अगले दिन फिर हम वापस रंगमण्डल में गए। क्योंकि हम नहीं चाहते थे कि रिश्ते की सार्वजनिक चर्चा कोई करे। हमारे पैरेंट्स को पहले से मालूम होना चाहिए। फिर एनएसडी के सेकंड ईयर की छुट्टियों में मैंने शादी की। साल 1986 तारीख 23 जून। हनीमून के बाद मैं थर्ड ईयर में गया।

रंगकर्म की कुंडली में तो संघर्ष है लेकिन उसके समानान्तर एक जीवन है जो चाहता है कि मुझे भी जियो। क्या कहेंगे?

- विनय भाई, लगभग 8 वर्षों का एक ऐसा समय था जिसे हर तरह से आप सूखा अकालग्रस्त कालखण्ड कह सकते हो। सिवाय इसके कि मैं काम कर रहा था। जहाँ तक व्यक्तिगत जीवन की बात है, मेरा स्वभाव आर्थिक दृष्टि से ठीक ना रहने की वजह से कुछ चिड़चिड़ा हो गया था। कुछ एरोगेंट भी हो गया था। आर्थिक स्थिति इतनी ख़राब थी कि 3 महीने 4 महीने तक घर की बिजली का बिल ही नहीं दे पा रहे हैं। बेटा स्कूल जा रहा है तो उसके स्कूल की फ़ीस नहीं दे पा रहे हैं। बहुत दरिद्र की स्थिति थी आर्थिक रूप से। लेकिन काम के स्तर पर मैं तब भी एनएसडी में पढ़ाने जा रहा था। जो 10 हज़ार रुपए मिलते थे तो उसमें से 5 हज़ार रुपए शोभा को देकर 5 हज़ार नाटक के लिए रख फिर अपने थिएटर ग्रुपदोस्तसे नया नाटक कर देता था। फेस्टिवल कर देता था 5 हज़ार रुपए में रवीन्द्र भवन में। उस समय किराया कम था। तो इस तरह काम के स्तर पर मैं लगातार आगे बढ़ रहा था। शोभा भी साथ में काम कर रहीं थी। बच्चा छोटा था। आर्थिक रूप से बहुत ही फैला हुआ मामला था। उस समय बहुत सारा कर्ज़ा भी मेरे ऊपर हो गया था। बाद में धीरे-धीरे चुकाया। लेकिन कर्ज़े के जाल में फँसा। फिर एक समय आया कि अंकुर जी ने मेरी बड़ी मदद की। कीर्ति जैन डायरेक्टर थीं। वह सीधे कीर्ति जैन के कमरे में ले गए और कहा कि ये आलोक है। इनको काम दीजिए। उस समय वो एक्सटेंशन की हेड थीं। अंकुर जी ने मुझे उस समय तीन महीने में 6 वर्कशॉप दी। बोले, तुम्हारा आधा कर्ज़ा इससे उतर जाएगा। आधे का आगे देखते हैं। पहले ये वर्कशॉप्स कर लो। पहला वर्कशॉप अल्मोड़ा, दूसरा इन्दौर, तीसरा गोरखपुर, चौधा पिथौरागढ़... ये सिलसिला चलता रहा। तो दैट्स हाउ उन्होंने बहुत मदद की। रामगोपाल बजाज साहब ने मेरी मदद की। कहा कि तुम स्कूल में पढ़ाने आओ। इन लोगों ने मेरे बुरे वक़्त में ये देखा कि इस आदमी ने काम करना नहीं छोड़ा है। यह काम कर रहा है। यह घर नहीं बैठ गया है। इसके हर महीने डेढ़ महीने में कोई नाटक प्रोडक्शन होते रहते हैं। ये एक्टिव है। स्थिति ख़राब है। समय ठीक नहीं चल रहा है इसका तो थोड़ी मदद करते हैं। ऐसी मदद के कारण ही आज हम यहाँ बैठे हैं।

इन दुश्वारियों के बीच आलोक के हिस्से सम्मान-पुरस्कार भी आए। सम्मानों को हासिल करना और सम्मान प्राप्त करना  दो अलग चीज़ें हैं। इस दृष्टि से आप अपने जीवन को कितना सार्थक और कितना सफल मानते हैं?

- दरअसल, देखिए सार्थकता का मायना एक ही है- सार्थकता। लेकिन सफलता के मायने अनेक हैं। अलग-अलग व्यक्ति जीवन में अलग-अलग ढंग से सफल है। कोई आदमी बहुत ज़्यादा बौद्धिक सम्पदा से लैस है। वह अपने आपमें बहुत बुद्धि धन का स्वामी है। कोई बहुत बड़ी ज़मीन का स्वामी है। कोई बहुत बड़े अनाज का व्यापारी है। तो कोई आर्थिक दृष्टि से सम्पन्न है। कोई भावनात्मक रूप से बहुत धनी है कि उसके जीवन में इतने भाव हैं, इतने रस हैं कि वो जिनसे मिलता है उनका हो जाता है। और उन्हीं के बीच अपने आप को खोजता है। वह भी एक सफलता की बात होती है। सफलता तो बदलती रहती है। कभी आप किसी दृष्टि से अधिक सफल होते हैं तो किसी दृष्टि से असफल, किसी दृष्टि से कम सफल लेकिन सार्थकता एक अलग चीज़ है। वह एक्सीलेंस की बात है। आपने जीवन और काम को कितना सार्थक किया और जिया।

मैं मानूँगा कि मैं आर्थिक रूप से सफल नहीं हुआ। लेकिन शेष जितना भी मेरा काम और जीवन है- मेरा बेटा है। मेरी बहन है। मेरी पत्नी है। मेरा रंगमंच है। मेरी पढ़ाने की ट्रेनिंग है। या मैं इन दिनों जो वेब सीरीज़ और सिनेमा में कुछ रोल कर रहा हूँ तो अरबाज़ खान हो, हंसल मेहता हो जिस रिस्पेक्ट के साथ वे लोग मुझसे मिलते हैं और काम करवाते हैं, लगता है कि यही तो रंगमंच की प्रतिभा और काम का प्रतिसाद है कि दूसरे माध्यम का आदमी अपने काम में आपको सम्मान देता है। तो रंगमंच करते जाओ, करते जाओ, करते जाओ। कारन्त जी कहते थे उसी में जीवन सार्थक हो जाएगा। उसी में रो लेना। उसी में हँस लेना। उसी में जलन कर लेना। उसी में चिल्ला लेना। उसी में देवता बन जाना। उसी में पॉकेट मार भी बन जान। इतने जीवन जी लेना तुम वहाँ कि तुम्हें अपना जीवन दूसरों के जीवन से बहुत विस्तारित, विशाल और एक अन्य पटल, एक अन्य क्षितिज पर ले जाए। उसे नए आसमान की ओर जाओ आलोक। मेरे लिए संगीत मुक्ति का माध्यम है तुम्हारे लिए अभिनय मुक्ति का माध्यम होगा।

मृत्युंजयका कर्ण का किरदार भुलाए नहीं भूलता।नट सम्राटको कैसे भूल सकते हैं। इस बीच क्या आपको लगता है कि आलोक चटर्जी एक निर्देशक भी बन सकता था, स्क्रिप्ट राइटर भी बन सकता था।

- असल में रंगमण्डल में जब मैं था तो मुझे ज़्यादातर नाटकों में मुख्य भूमिका मिली। बंसी कौल से लेकर श्यामानंद जालान और रूद्र दा से लेकर बादल दा और कारन्त साहब सबको मेरा काम बड़ा पसन्द आया। लगा कि मुझे अभिनेता के रूप में ही विकसित होना है। एनएसडी गया ही था इसलिए। मुझे एक सिस्टम के तहत एक्टिंग को समझना था ताकि मैं एक्टिंग टीचर के रूप में उसको कभी समझा सकूँ। उसके लिए मुझे पहले ख़ुद उन चीज़ों को जानकर अपने को उससे गुज़ार कर उसमें सिद्धि प्राप्त करनी थी। उसके बिना तो हो ही नहीं सकता था। एनएसडी ने उस मामले में बहुत मदद की। जैसे ब्रेख़्तीयन थिएटर जिन्होंने हमको पढ़ाया उनका नाम था हेलमिश। वो बरसुंद के असिस्टेंट डायरेक्टर थे। उनसे हमने ब्रेख़्त सीखा है। हमने डॉक्टर कमलेश दत्त त्रिपाठी, पणिक्कर और कारन्त साहब से नाट्यशास्त्र समझा है। बैरी जॉन, रोचिन दास और मोहन महर्षि से एस्थेटिक समझा। पोएटिक रियलिज्म काव्यात्मक यथार्थवाद रामगोपाल बजाज साहब समझाते। पाँव को ऐसे मोड़ने से और भँवों को यूँ करने से ही अर्थ बदल जाएगा। वो बोलते थे मुझे इन चीज़ों से कोई मतलब नहीं है। मैं समाज को क्या दे सकता हूँ एक अभिनेता के रूप में। सोशल रियलिज़्म क्या है? आपके डायलॉग में यह बहुत महत्व रखता है। इसे गम्भीरता से समझना होगा।

क़िस्सा है कि रामगोपाल बजाज एक शूटिंग कर रहे थे। शबाना आज़मी और पंकज कपूर भोपाल के नज़दीक सीहोर में कोई शूटिंग में आए थे। वे भारत भवन अन्तरंग में आकर पीछे बैठ गए। उनका फोकस रिहर्सल पर था। सीन था कि पहाड़ों में गुरुशा घूम रही है। बच्चे को दूध पिला रही है। तो फ्रिड्स बेनिविट्ज ने शबाना से कहा कियू डू इटक्योंकि उन्होंने सत्यु के प्रोडक्शन में उसी समय किया था। तो शबाना जी ने उस सीन को परफॉर्म किया। बेनिविट्ज ने कहा कि नाउ यू सी व्हाट आई विल डू। तो उन्होंने विभा मिश्रा जी को बोला कि तुम करो। तो अपना सीन ब्लॉकिंग करवाया। दर्शकों से पीठ करके बच्चे को दूध पिला रही है। उसके बाद एक दूध वाले से दूध ले रही है। शबाना आज़मी ने पूरा दूध पी लिया। बेनिविट्ज ने विभा जी से कहा कि आप दूध पूरा मत पिओ। शबाना जी से कहा कि सोशल रियलिज्म क्या है मालूम? वो अपने लिए अलग से दूध ख़रीदना अफोर्ड नहीं कर सकती। पहाड़ों पर उसे चलना है इसलिए दूध वो पिएगी आधा। दूसरा छोटे बच्चों को इतना ज़्यादा दूध दे दोगे तो उसका पेट ख़राब हो जाएगा। यू डोंट नो बिहेवियर एण्ड एनाटॉमी ऑफ चाइल्ड। तो बेनिविट्ज ने उसके सामाजिक यथार्थ को हमको ज़्यादा समझाया। अलग-अलग निर्देशकों का अलग-अलग पैटर्न होता है।

हर निर्देशक एक अभिनेता में अपनी ज़रूरत मुताबिक़ अलग प्रतिभा की तलाश करता है। कई निर्देशकों के साथ आपने काम किया। कुछ ऐसे निर्देशक बताइए जिन्होंने आलोक चटर्जी के उस अभिनेता को सही अर्थों में परखा।

- बेसिकली मुझे अलख जी और कारन्त जी ने पहचाना। उन्होंने अपने नाटकों में बहुत भिन्न- भिन्न क़िस्म की भूमिकाएँ दीं। जैसेहयवदनमें मैं देवदत्त कर रहा था मुख्य नायक का रोल औरआधे अधूरेमें अशोक का रोल तो वहींमहानिर्वाणमें हमें बुद्धू युवक का रोल दिया जिसके तीन डायलॉग थे ढाई घण्टे के नाटक में। अब देखें कि तुम कितने बड़े एक्टर हो! देवदत्त और अशोक तो ठीक है। रोल में अपने आपको स्टेबलिश करके दिखाओ। सतीश आलेकर जब इस नाटक के साथ आए तो उन्होंने कहा कि हमारे नाटक में मोहन आगाशे जी ये रोल करते हैं लेकिन वह एस्टेब्लिश नहीं होता। आपके नाटक में बुद्धू युवक ज़्यादा एस्टेब्लिश होता है। लिखा हुआ एस्टेब्लिश नहीं होता आपके नाटक में। बुद्धू युवक ज़्यादा स्थापित होता है। बाबा कारन्त बहुत बड़े मैजिशियन थे। ही नेवर टोल्ड अस कि आई वांट दिस, आई वांट दिस। तुम हो, तुम्हारा अखाड़ा है तुम अभिनेता हो। गाने की बात है तो मैं टोक दूँगा। बाक़ी तुम जानो कैसे करते हो। बंसी जी थे जो डिज़ाइन के अन्दर एक्टर कैसे काम करें इसके विशेषज्ञ थे।अंधा युगकर रहे हैं जो एक बहुत बड़ा कैनवास है। इस कैनवास में आप अश्वथामा की केन्द्रीय भूमिका को कैसे ले आएँगे दर्शकों के सामने।

अद्भुत बात कह दी आपने। आप भाग्यशाली भी हैं और पुरुषार्थी भी कि आपके हिस्से इतने मूर्धन्य, मेधावी व्यक्तित्त्वों की निकटता आयी। आपकी प्रतिभा और कौशल को नया उन्मेष मिला। लेकिन इधर आपके बाद जनरेशन के सामने समय और हालातों ने बेसब्री परोस दी है। नई तकनीक ने जीवन्त संवाद की जगह लगभग छीन ली है।

- एक निर्देशक, अभिनेता और अभिनय शिक्षक के तौर पर मैं देश भर में घूमा हूँ। बहुत अलग-अलग तरह की सिनेरियो है विनय जी। एक सिनेरियो तो यह कि जो सच में पूरी लगन और निष्ठा के साथ लगे हुए हैं ऐसे युवा और ऐसे समूह जो इसको ही अपना जीवन और काम बनाना चाहते हैं। लेकिन इनके साथ बहुत सारे दूसरी तरह के समूह भी हैं जिसमें सबसे बड़ा वो समूह है जो सोचता है कि थिएटर कर लो थोड़ा सा और उसके बाद बॉम्बे पहुँच जाओ। थोड़ी वेब सीरीज़ कर लो। एक सीढ़ी की तरह यूज करो थिएटर को  और आगे चले जाओ। बॉम्बे जाकर भी बोलते रहो कि मैं तो थिएटर से ही आया हूँ। लेकिन मैं यहाँ सिनेमा करने आया हूँ। मैं यहाँ थिएटर करने नहीं आया। थिएटर देखने आया हूँ। मैं यहाँ सिर्फ़ सिनेमा करने आया हूँ।

पता नहीं, वे लोग कितने सफल हैं? तीसरे जो लोग थिएटर में रह गए हैं उनमें ईमानदार लोगों के अलावा ईमानदार समूह के अलावा कुछ रंग समूह ऐसे हैं जो सिर्फ़ ग्रांट पाने के लिए नाटक करते हैं। कुछ रंग समूह ऐसे हैं जो दूसरे निर्देशकों से नाम छुपा कर ठेके पर अनुबन्ध लेकर पैसे देकर नाटक करवा लेते हैं। कुछ लोग ऐसे हैं जो थिएटर को सिर्फ़ एक पॉलिटिकल हथियार या सरकारों का विरोध करने का एक शस्त्र मानकर थिएटर करने लगे हैं। तो इस तरह बहुत अलग-अलग तरीक़े के सिनेरियो हैं। बंगाल का छोटा सा ज़िला है कालिगंज नार्थ। वहीं पर थिएटर वालों ने ख़ुद मिलकर अपनी जेब से कुछ पैसा कैसे गाँव वालों से इकठ्ठा करके दिया है। नदी किनारे कुछ बीघा ज़मीन ले ली है। उसमें तीन-चार कमरे बना दिए हैं। वहीं खुले में रिहर्सल होती है। जो गेस्ट आता है उन्हीं कमरों में रुक जाता है। नदी किनारे शाम को शो हो रहे होते हैं। एक ग्रुप है कोलकाता का जिसमें डायरेक्टर से लेकर एक्टर तक सारे अन्धे हैं और वह लोग रियलिस्टिक नाटक करते हैं। ऐसे-ऐसे लोग भी तो हैं जो थिएटर कर रहे हैं इतनी सीरियसली। युवा पीढ़ी में भी बहुत सारे लोग अपने काम को आगे बढ़ा रहे हैं और लिख-पढ़ भी रहे हैं। आप भी मुझसे बेहतर जानते हैं कि करने के लिए बहुत कुछ है। देखने के लिए बहुत कुछ है। ख़ुद का कहने को कुछ नहीं। क्योंकि डी फोकस्ड हैं। किताबें पढ़ना आप छोड़ चुके। चिट्ठियाँ लिखना आप छोड़ चुके। डायरियाँ लिखना छोड़ चुके। कोर्स की किताबों के अलावा आप कुछ पढ़ना छोड़ चुके। आप अच्छा सिनेमा देखना छोड़ चुके। आप बिथोविन और शोपन और रवीन्द्र म्यूज़िक जैसा अच्छा म्यूज़िक भी नहीं सुनते। और आप नाचा, माच और नौटंकी भी नहीं देखते-सुनते। आप कुछ वीटीवी और एफटीवी के बीच जेनरेशन हैं। सोशल रियलिटी ये हो गई है कि आपने अपने जीवन में संघर्ष किया और एक छोटा सा फ्लैट ख़रीद लिया। एक कार ईएमआई पर ख़रीद ली। एक एक्टिवा ईएमआई पर ख़रीद लिया। जब तक इसका लोन चुका तब तक औलादें बड़ी हो गई। औलादों ने कहा- यार ये मॉडल तो 2000 फलाने का है। बहुत पुराना हो चुका है ये। बेच दो नई लाते हैं। चाहे लैपटॉप हो, चाहे मोबाइल हो, चाहे गाड़ियाँ हो वह व्यक्ति के साथ ही उसके जीवन काल में ही आऊट डेटेड हो जाती हैं।

मतलब जो सुविधाएँ हैं बहुत ज़्यादा भ्रमित कर रही हैं, ख़ासकर हिन्दी पट्टी में कुछ अधिक ही। अधकचरा और बौना रंगकर्म हमारे समय में बहुत हावी हो गया है।

- हाँ, हिन्दी पट्टी में बहुत ज़्यादा। कुछ ग्रुप ऐसे हैं जो निर्विवाद रूप से अच्छा काम कर रहे हैं पूरे देश में अलग-अलग भारतीय भाषाओं में। उनको तो ग्रांट मिलनी ही चाहिए। वरना अपना काम कैसे करेंगे? उन्होंने अपने जीवन के 20-25 साल दे दिए। उनके भी बीवी-बच्चे हैं। युवाओं को भी ग्रांट मिलनी चाहिए। उनको मिलनी ही चाहिए जो ग्रांट के वास्तविक अधिकारी हों ना कि सिर्फ़ कागज़ी कार्रवाई करके हिसाब-किताब ओके करके भेजने वाले हों। दरअसल ये समस्या फोर्ड फाउंडेशन के आने के साथ भी हुई थी। इसने रंगकर्मियों को ऐसा भ्रमित किया था कि हर बड़ा डायरेक्टर फोर्ड फाउंडेशन की ग्रांट लेकर घूम रहा था और जब यहाँ की मिनिस्ट्री जब मुश्किल से दो-तीन लाख रुपए बड़े से बड़े डायरेक्टर को देती थी। तब 14 लाख से ग्रांट शुरू की थी फाउंडेशन ने। विचारों की धार कहीं कुन्द पड़ गई। अभी अनुदान के समय भी ये हो रहा है। लोगों ने इसको एक कमाई का ज़रिया बना लिया है। रंगकर्मी बंसी कौल मज़ाक में कहते थे ना कि यह संस्कृति की रोज़गार गारंटी है क्या?

आप काम अच्छा करें या ना करें। आपके ग्रुप के कागज़ात ठीक हैं इसलिए आपको ग्रांट मिलना चाहिए। भोपाल में ही 10-12 ग्रुप तो ऐसे होंगे जो रेपेट्री ग्रांट लेते हैं पर साल भर में क्या पाँच बड़े अच्छे नाटक भोपाल में तैयार हो रहे हैं? तो हम एक्टिविटी पर ज़्यादा ध्यान दे रहे हैं। रंग आंदोलन की ओर हम ध्यान नहीं दे रहे हैं। हम रंग गतिविधियाँ कर रहे है। हम रंग आन्दोलन से कट रहे हैं जो कभी शौक़िया रंगकर्म के काम की ख़ूशबू थी। एक चाय और एक समोसे पर जो एक रन थ्रू कर लेने की इच्छा थी या शाम को बैठें किसी के घर और भाभी ने कहा कि यह मुरमुरे-चने हैं। चाय बना कर दे देती हूँ आप लोग नाटक करो। तो पता चला कि बैठकर एक आदमी एक रचना पढ़ रहा है।रानी नागफनी की कहानीयालंगड़ी टांग 10 लोग बैठकर हँस रहे हैं। और फिर इस पर बात हो रही है कि बताओ कैसी लगी? फिर किसी ने कहा कि हमें दे दो यार हम दो दिन बाद दे देंगे। तो जो शौक़िया रंगकर्म की ख़ूशबू थी कि किताबें ढूँढते थे। सीनियर से पूछते थे कि सर लाइटिंग कैसे करते हैं?

रंगमंच और शिक्षा को लेकर परिदृश्य बदल रहा है। नई शिक्षा नीति ने भी अनुशंसा की है। एक तरफ़ हम राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय जैसे इंस्टीट्यूट को देखते हैं तो दूसरी तरफ़ अब सदर गाँव, क़स्बों और शहरों में भी रंगकर्म के प्रशिक्षण को लेकर गम्भीरता दिखाई देती है। भोपाल की बात करें तो टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय ने शुरुआत की है। मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय भी एक मिसाल है।

- आपने बहुत अच्छी बात कही कि रंगमंच के लिए कलाओं के लिए बहुत अच्छी गुंजाइश दिखाई देती है अध्ययन की। और अध्यापन की, दर्शन की और प्रदर्शन की। इस हिसाब से भविष्य में रोज़गार भी तो सृजित करने होंगे। अगर टैगोर विश्वविद्यालय है और टैगोर विश्वविद्यालय का रंगमण्डल है तो दो डिफरेंट स्ट्रक्चर हैं जिसके ऊपर एक आपको स्टाफ़ से लेकर अन्य सब चीज़ों पर भी फ़ोकस करना होता है। यह पैरेलल एम्प्लॉयमेंट भी पैदा करता है। इनके प्रति युवाओं में एक अदभुत क्रेज़ है।

आलोक भाई हमारे बीच चल रहे संवाद में आंचलिक या लोक रंगमंच की शैलियों का सन्दर्भ भी जुड़ना चाहिए।
आधुनिक रंगमंच की जड़ें उसी से हरी हैं।

- मुझे लगता है कि शायद रंगकर्म की शिक्षा के साथ इसे जोड़ने में सबसे बड़ी सहूलियत होगी और एक अच्छा सकारात्मक वातावरण बनेगा। जैसी आपकी हमारी संस्कृति और ज़ुबान है जब उसमें बात की जाएगी और काम होगा तो बेहतर। वह देशज भाव हमें अधिक स्वीकार होता है। हम चाहे लोक करें या लोक का प्रयोग आधुनिकता में करें। या फिर आधुनिक तरीक़े से लोक को करें, यह सब हमारे समकालीन भारतीय रंगमंच का एक हिस्सा है। जब शिक्षा में यह सब चीज़ आएँगी तो आप इसके लिए अध्यापक और अभिनेता और उच्चारण सुधारने वाले और भाषा विशेषज्ञ और फोनेटिक वाले सब चाहिए पड़ेंगे। जैसे कि जब हम फैद्रा कर रहे थे पेरिस थिएटर नेशनल थिएटर के डायरेक्टर के साथ तो मैं उनका असिस्टेंट डायरेक्टर, प्रोडक्शन मैनेजर भी था। मैं उनके साथ बहुत समय बिताता था। उनसे मुझे पता चला था कि 1988 में पेरिस में चार फैक्ट्रियाँ थीं जो सिर्फ़ थिएटर वालों के लिए प्रॉपर्टीज बनाती थीं। इतनी बड़ी थिएटर इंडस्ट्री है वहाँ। थिएटर वालों के लिए चार फैक्ट्रियाँ बनानी पड़ी कि स्टेज पर क्या-क्या प्रॉपर्टीज लगती हैं वह सब बनाओ और बेचो। प्रॉफिट होगा तभी तो चलेंगी ये फैक्ट्रियाँ। तो रंगमंच को शिक्षा के साथ जोड़ने से वो रोज़गार भी देगा। मान लीजिए मैं बॉम्बे नहीं जाना चाहता। कोई युवा है वह मुम्बई नहीं जाना चाहता। वह दिल्ली भी नहीं जाना चाहता। वह अपने प्रदेश और क्षेत्र में ही काम करना चाहता है। उसके लिए यह चीज़ कितनी ज़रूरी होगी कि अपनी संस्कृति से जुड़कर, शिक्षा से जुड़कर उससे वह ट्रेनिंग और फिर रोज़गार तक पहुँचे। ऐसे कई युवा कर रहे हैं। सीमान्त पहाड़ी क्षेत्रों में मेरे कुछ भूतपूर्व छात्र हैं जिन्होंने दिल्ली मुम्बई कोलकाता का मोह छोड़कर प्रशिक्षित होकर अपने गाँव अपने कस्बे में गए। और पिछले 10 साल से वहाँ काम करते-करते अब दिल्ली तक दस्तक हो गयी है उनकी।

बड़ा अज़ीब सा दृश्य इस वक़्त देख रहे हैं कि थिएटर से निकलने वाले लोग सिनेमा में गए और फिर सिनेमा में जाकर वापस थिएटर में लौट रहे हैं। कुछ लोगों ने दोनों प्लेटफार्म पर सक्रियता बनाए रखी है। इसे किस तरह देखते हैं?

- थिएटर मेन टू मेन कनेक्शन का माध्यम है। वह दर्शक से सीधे कनेक्ट करता है। फ़िल्म-टी.वी. में मेरे और दर्शक के बीच कैमरे का लेंस है। वह लेंस है, रिकॉर्डिंग है, यह कहीं ऑब्सटिकल की तरह भी आता है। सुविधा की तरह भी आता है। दूसरी बात रंगमंच के बारे में, जब आप होते हैं तो वह एक जीवित घटना है जो दर्शक और रंगमंच के बीच घटित होती है। यह रसायन वहीं पैदा होता है और उसी समय ख़त्म भी हो जाता है। वो इतना क्षणभंगुर भी है। पर आपको पूरा अच्छादित कर लेता है। रंगमंच के परफॉर्मेंस को बिगाड़ा भी जा सकता है बाद में सुधार भी जा सकता है। लेकिन सिनेमा और टेलीविज़न और वेब सीरीज़ ऐसी कोई सुविधा नहीं देगा। जो फाइनल प्रिंट निकल गया। जो फाइनल रिकॉर्डिंग हो गई वो 100 साल तक भी ऐसी ही रहेगी और उसके बाद फिर नष्ट भी हो जाएगी। आप देखिए कि थिएटर से उठकर सिनेमा में जाने वाले अनेक कलाकार रंगमंच पर भी वापसी करते ही हैं। मोहन आगाशे, श्रीराम लागू, दिनेश ठाकुर, शबाना, नसीर, ओमपुरी, दीप्ति नवल, जयंत देशमुख और राजीव वर्मा से लेकर राकेश बेदी तक लम्बी फ़ेहरिस्त है। 

आपको मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय का निदेशक भी बनाया गया। एक नई भूमिका में थे आप। इस तरह की संस्थाओं को चलाने का एक अलग क़िस्म का कौशल भी होता है। एक अलग क़िस्म की योग्यता की दरकार भी ऐसे पद रखते हैं। आपका अपना अनुभव
मध्यप्रदेश राज्य नाट्य विद्यालय के निदेशक बतौर कैसा रहा?

- मेरा अनुभव कुछ-कुछ मिक्स रहा। कुछ अच्छा, कुछ कम अच्छा, कुछ खट्टा, कुछ मीठा। जो अच्छी चीज़ें रहीं वह पहले बताऊँगा। वो ये कि कोविड काल जब ख़त्म हो रहा था और केन्द्र और राज्य सरकारों ने घोषणा की कि अब सार्वजनिक रूप से कुछ हो सकता है। तो सबसे पहला काम मंच पर बुलाकर मेरे समय ही नाट्य विद्यालय ने चबूतरा रंगमंच पर किया था। जिसमें तीन दिन भोपाल के तीन थिएटर ग्रुपों को काम दिया गया था। उसके बाद मैंने एक्सटेंशन प्रोग्राम शुरू किया जिसमें एक-एक लाख रुपये चार बड़े थिएटर ग्रुप को दिए गए और 50-50 हज़ार रुपये हुए। 25-25 हज़ार रुपए जो चिल्ड्रन थिएटर और ट्राइबल थिएटर कर रहे हैं उनको। ऐसे 13 वर्कशॉप हुए। साल में एक्सटेंशन से मैंने किए। यह नाट्य विद्यालय जो 2 साल का हुआ, इसकी सारी काग़ज़ी कार्रवाई सब मैंने ही कंप्लीट करवाई। शुरू अब हुआ है। उसके बाद मैंने मध्य प्रदेश के क़रीब डेढ़ सौ लोगों को मध्य प्रदेश नाटक विद्यालय के प्रोग्राम्स में जोड़ टोकन अमाउंट पेमेंट करवाया नाट्य विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं को भी मैंने बुलाया। बड़ी संख्या में जोड़ा। ये सब चीज़ें कुछ अच्छी हुई। रॉबिन दास और कुलश्रेष्ठ जैसे लोगों को मैंने बुलाया। लोक नाट्य के क्षेत्र में भी काफ़ी काम किया मैंने। ओमप्रकाश शर्मा जी, रामसहाय पांडे जी को दोबारा भोपाल में लाकर उनसे प्रोडक्शन करवाए। जनजातिय संग्रहालय ने उनकी रिकॉर्डिंग की। अपनी तरफ़ से विद्यार्थियों को भी अच्छा शिक्षण देने की कोशिश की। जो बहुत अच्छा नहीं रहा वो ये कि मुझे आसपास का वातावरण बहुत सकारात्मक लोगों से भरा हुआ नहीं लगा। आसपास के वातावरण से नेगेटिव वाइब्स आती हैं तो वह आपके अन्दर की पॉजिटिविटी को भी असर करती हैं। सम टाइम्स यू बिकम इरिटेट। सम टाइम्स यू बिकम लाउड और सम टाइम्स यू डू समथिंग रॉन्ग आल्सो। कुछ भी हो सकता है। मुझे जब बहुत सकारात्मक परिणाम नहीं मिल रहे थे तो भी मैंने अपनी तरफ़ से कोशिश की कि उन लोगों को बोलूँ कि यार तुम लोग अपना-अपना काम करो। तुम्हारे कुछ काम में मैं बाधा नहीं, मैं अपना काम कर रहा हूँ। मुझे कर लेने दो 3 साल का टेन्योर है उसके बाद मैं चला जाऊँगा। मुझे दबारा नहीं रहना है। तो उन चीज़ों ने थोड़ी डिस्टरबेंस पैदा की। क्या हुआ कि फेसबुक पर कुछ लोगों और समूहों का एक ग्रुप ऐसा एक्टिवेट हुआ जिसने लगातार सोशल मीडिया पर नाट्य विद्यालय, उसके स्तर, उसके काम, आलोक चटर्जी क्या कर रहा है, इन सब पर बड़ी नकारात्मक टिप्पणियाँ देनी शुरू कर दीं। यह एक समय चला। उसमें कुछ प्रिय पात्र भी थे। कुछ ऐसे लोग भी थे जो चाहते ही नहीं थे कि मैं डायरेक्टर बनूँ। अब मैं क्या करूँ? सरकार ने बनाया मुझे।

आलोकजी, बेकस्टेज चर्चा बहुत कम होती है। उसके साथ पक्षपात भी होता रहा है। जबकि मंच की सारी ऊर्जा का स्रोत नेपथ्य ही है।

- मैं ये मानता हूँ कि अभिनेता और अच्छा अभिनेता बनने के लिए कुशल नेपथ्यकर्मी होना उतना ही आवश्यक है। मुझे कारन्त जी ने कहा कि तुम भविष्य में हिन्दी थिएटर में सिर्फ़ एक्टिंग करके पैसा नहीं कमा पाओगे। तुम्हें दूसरे काम भी सीखने पड़ेंगे। तुम मेकअप और लाइटिंग सिख लो। तुरन्त पैसे मिलते हैं इसके। इसका पैसा रुकता नहीं। तो मैंने मेकअप में इंटरेस्ट लिया और रंगमण्डल में ही मैं लोगों के मेकअप करने लगा था। मैंने स्टेज लाइटिंग शुरू कर दी थी। एनएसडी में जाकर मैंने इसको और डेवलप किया। वहाँ फिर मैं लाइटिंग करने का पैसा भी लेने लगा। जो बाहर से ग्रुप्स आते थे। जब मैंने ग्रुपदोस्तखोला तो मुझे किसी लाइटिंग वाले को प्रोफेशनली बुलाकर पैसे देने की ज़रूरत नहीं पड़ी क्योंकि मैं और शोभा ख़ुद लाइटिंग कर लेते हैं। लाइटिंग करके हमने पैसे बचाये भी हैं, पैसे कमाये भी हैं। मेकअप करके हमने अपने चेहरे को भी छू-छू के अलग चरित्र में बदलते देखा है तो दूसरे को भी एक अलग रूप आकार देते हुए अपने हाथ पर उँगलियों को पाया है। वह चरित्र जब मंच पर एक हाड़-मांस के अनुभव के रूप में घटित होता है तो उसमें एक अभिनेता का योगदान होना चाहिए। जब हम एनएसडी पढ़ने गए थे तो हमें बताया गया था कि तुग़लक नाटक में मनोहर सिंह जिस चौकी पर बैठते थे वो चौकी ख़ुद उन्होंने कारपेंट्री क्लास में जाकर बनाई थी। क्योंकि उन्होंने कहा कि कारपेंटर एक अच्छी ख़ूबसूरत चौकी बना देगा लेकिन उसे नहीं मालूम कि मेरा वजन यहाँ कितना है? उसे नहीं मालूम कि मैं हाथों को कहाँ रखता हूँ। मेरी चौकी में कहाँ से कहाँ तक की सीट चाहिए ये मैं ज़्यादा जानता हूँ। अपने हाथ का पकड़ा हुआ दंड, म्यान, चौकी यह मनोहर भाई ने अपने हाथों से कारपेंट्री क्लास में बनाई थी। कारन्त जी बोलते थे कि समग्र अभिनेता बनो। कभी ज़रूरत पड़े तो तबला भी बजा लेना। कभी ज़रूरत पड़े तो गा लेना यदि मुख्य गायक का गला ख़राब हो तो। एक्टिंग तो तुम करोगे ही। एक्टिंग नहीं कर रहे हो तो लाइटिंग कर दो। लाइटिंग तो शो के समय करोगे उसके पहले मेकअप कर दो और रिहर्सल प्रोसेस में बैठकर क्या करोगे तो क्यों नहीं थोड़ी प्रॉपर्टी बनाते। मास्क बना लो।

अक्सर आवाज़ उठती है कि नए नाटक नहीं लिखे जा रहे।

- मैं ये रंगरूदन पिछले कई समय से देख-सुन रहा हूँ कि नई स्क्रिप्ट नाटक को नहीं मिल रही। कब तक साठ और सत्तर और अस्सी के दशक के लिखे नाटकों पर टिके रहेंगे। मोहन राकेश, विजय तेंदुलकर, धर्मवीर भारती और शरद जोशी के नाटक कब तक? महानता अपनी जगह है या तो उसको आमूल चूल एक दम एक नए फ्लेवर में प्रस्तुत करें, नयी व्याख्या के साथ कि हमें वो आज का लगे।

अगर हमें 1970 का हीआधे अधूरेकरना है तो 2023 में उसको करने का क्या रेलिवेंस बनेगा? सिवाय एक मिडिल क्लास रियालिटी के। नाटक नए लिखे नहीं जा रहे ऐसी बात नहीं है। बल्कि मैं तो ये कहूँगा कि कुछ रंगकर्मियों को इस बात का रोग लग गया है कि हम नए नाटककारों को नहीं खोजेंगे। हम ख़ुद ही नए नाटक लिख कर उसको डायरेक्ट कर लेते हैं और उसकी भी ग्रांट ले लेते हैं। नई स्क्रिप्ट जो लिखी गई हैं कुछ उनमें से कुछ स्क्रिप्ट अच्छी हैं और वो खेली भी गई है। चाहे वो रीवा के प्ले राइटर योगेश त्रिपाठी हों या विशाल कलंबकर कामहा शमशान।आशीष पाठक ने भी काफ़ी अच्छा लेखन कार्य किया है। युवाओं में भी कुछ लोग बहुत बढ़िया काम कर रहे हैं। भारतेंदु नाट्य विद्यालय, टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय यहाँ से जो बच्चे निकल रहे हैं इनमें से कई लोग हैं जो सीरियसली लेखन में लगे हुए हैं। मुझे लगता है कि दो तीन ट्रायल के बाद वो समझ जाएँगे कि मंच के लिए नाटक लिखना क्या होता है। विनय जी, आप जानते हैं कि बड़े-बड़े कवियों और कहानीकारों ने भी नाटक लिखे। लेकिन मंच की ज़रूरत को समझना और रंग व्यवहार को समझते हुए नाटक लिखना एक अलग बात है। कल्पना में बैठकर ब्रैकेट के साथ लिख देना अलग बात है। नए नाटक आएँगे उसमें से हमें चुनना होगा कि वह हमारे समाज और समकालीन प्रासंगिकता की कसौटी पर कितना ख़रा उतरते हैं।

इधर कहानियों के रंगमंच की बात आई और फिर कविताओं के मंचन ने भी ज़ोर पकड़ा। इस तरह की विधाओं
के पास जाने से भी जड़ता टूटी। नए प्रयोग सामने आए। दर्शकों ने पसन्द भी किया।

- हाँ, बिलकुल। हम लोगों ने कविता, कहानी और उपन्यास भी किया है। दोस्तोयवस्की की तस्वीर औरकपाल कुंडलाबंकिम काआनन्द मठ हमने तो तीन उपन्यास भी डायरेक्ट किए है। असल में हिन्दी थिएटर जिसे हम कह रहे हैं यह विजय तेंदुलकर, मोहन राकेश और बादल सरकार के अधिकतर अनुवादों के नाटकों पर निर्भर रहा है। अब वो टाइम ख़त्म हो गया। यहाँ माल नया नहीं रहा है। जो नया रहा बहुत ज़्यादा उसमें वज़न नहीं है। बात भोपाल की करूँ, तो यहाँ की हिन्दी पट्टी कविताओं से गुलज़ार रही है। बड़े कवि, बड़े नाटककार और संस्कृतिकर्मी कविता को कई तरह से बरतते रहे हैं। रंगमंच भी उनसे अछूता नहीं रहा। अलखनंदन भी इस दिशा में गंभीर होकर मुझसे लम्बा डिस्कशन करते रहे। ये बात और है कि कोई विलक्षण प्रस्तुति इधर देखने में नहीं आई। हाँ, प्रयोग ज़रूर लगातार होते रहे। 

आलोक जी रंग संगीत जैसी अनिवार्य विधा को आप ने भारत भवन में रहते कारन्त जी के साथ बहुत गहराई से समझा और अपनाया। प्रायः रंग संगीत और उससे प्रभावित नाटकों पर कम ही बात होती है।

जब मैंने कारन्त जी से रंगकर्म सीखना शुरू किया तब उन्होंने इस विधा के मर्म के बारे में बताया। भारतीय नाटकों के अग्रणी और स्थापित संगीतकार थे- महाराष्ट्र के किर्लोस्कर जी। वे 19वीं शताब्दी के आरंभिक काल में हुए। पैडल हारमोनियम बजाते थे। कारन्त जी ने उनकी बनाई हुए संगीत रचनाएँ मुझे सुनाईं। कारन्त जी ने समझाया कि नाटक में ध्वनियाँ कैसे विभिन्न रूप रच लेती हैं। वे कहते थे नाट्य संगीत भाव की आमद है। रंगमंडल के शुरुआती दिनों में कारन्त जी ने जयशंकर प्रसाद का 'विशाख' नाटक किया था।

गायन पद्धति है। तो एक अभिनेता गा रहा है, नाच रहा है और नाच-गाकर अभिनय कर रहा है। यही तो है भरतमुनि का संपूर्ण अभिनेता। सब कुछ क्रिया व्यापार, कलाओं का निष्पादन करने वाला। नाट्य संगीत नाटक की व्याख्या करने वाली ध्वनि है। वह ध्वन्याकार प्रभाव नाटक की व्याख्या को अभिव्यंजित करता है। रेखांकित करता है। कारन्त जी के बाद की पीढ़ी में भारतीय रंग संगीत के उत्कृष्ट संगीतकारों में काजल घोष, संजय उपाध्याय, आमोद कृष्ण भट्ट आदि ये वे रंग संगीतज्ञ हैं जो कविता-साहित्य को आधार बनाकर रंग संगीत रचते हैं। ये लोग केवल धुनें नहीं बना रहे। कविता का अध्ययन कर उसे नाटकों का हिस्सा बनाते हैं। ये काम मूलतः कारन्त जी हबीब जी का शुरू किया हुआ है। लगभग 1953 में शुरू हुआ था। तो ये लोग अग्रणी रहे कविता-संगीत के। सामाजिक प्रतिरोध और संघर्ष नया थिएटर के नाटकों का मूल स्वर रहा। उन्होंने मनुष्यता की चेतना वाले, प्रखर गीत, लोकभाषा में रचे, लोकधुनों के साथ। नाट्य संगीत से मेरा पहला परिचय रबीन्द्रनाथ टैगोर के नाटकों के संगीत से हुआ था। बचपन में मेरी माँ चित्रा चटर्जी देहरादून में रबीन्द्रनाथ के बेटे से संगीत सीखती थी। टैगोर ने मुक्तधारा, विसर्जन आदि नाटकों में जो धुनें प्रयुक्त की थीं, वो धुनें याद थीं टैगोर के बेटे को। तो मेरी माँ ने वे सारे गीत और धुनें सीख ली थीं। टैगोर का बहुत प्रसिद्ध बैले है- चंडालिका। उसने बचपन में ही मेरे दिलो- दिमाग़ पर अमिट छाप छोड़ दी थी।

इसलिए मैं ये मानता हूँ कि नाट्य संगीत समूचे मानव जीवन का गान है। दुख, निराशा, आशा, महत्वाकांक्षा, आह्वान, भविष्य की प्रत्याशा ये सब नाट्य संगीत में है। फिर चाहे नाटक ब्रेख्त के हों, भास या कालिदास के, हबीब तनवीर के या कारन्त के। क्योंकि नाटक मनुष्य को समर्पित हैं। उसकी सारी अच्छाई-बुराइयों का चित्रण, प्रस्तुतिकरण ही है रंगमंच पर। तो नाटक में निहित सारा काव्य संगीत-व्यापार भी मनुष्य के मनुष्यता के प्रति अर्पित होगा ही। मेरे निर्देशित नाटकों में प्रसाद का 'ध्रुवस्वामिनी' एक प्रमुख नाटक है। जिसका संगीत आमोद कृष्ण भट्ट ने किया था। रबीन्द्रनाथ के नाटक 'राजा' में एक गीत है जो आध्यात्मिक सा भी प्रतीत होता है किन्तु जाति-वर्ण और उत्तर-दक्षिण होने के भेद को समाप्त करने वाला एकमात्र गीत है- "जो काला था, जो धौला था/सब तुम्हारे रंग में रंगकर लाल हो गया/जैसे तुम्हारे चरणों का वर्ण है। उनसे और भेद रहा/जो काला था जो धौला था..." जयंत देशमुख के निर्देशन में मैंने 'मृत्युंजय' में कर्ण का अभिनय किया। समूचा नाट्य संगीत प्रकृति और मनुष्यता के लिए बेचैन है। एक छटपटाहट है उसमें। गहरी संवेदना करुणा है।

इस वक़्त अगर मैं पूछूँ कि आलोक चटर्जी नया क्या सोच रहे हैं?

 - एक नये सोलो पर काम कर रहा हूँ। सोच रहा हूँ। दिमाग में यह उमड़ रहा है कि अपने रंग गुरु कारन्त साहब को एक ट्रिब्यूट देते हुए उनके जीवन के वह प्रसंग उजागर करूँ, जो किसी किताब में ज़्यादातर नहीं आते। कोई रिकॉर्ड में नहीं है या वह नाटक के जीवन और नाटक की सफलता से सम्बन्धित चीज़ें नहीं हैं। बल्कि वह अपने एक्टर्स से बात कैसे करते थे। व्यवहार क्या करते थे। पढ़ाते कैसे थे? सिखाते कैसे थे? डाँटते कैसे थे? प्यार कैसे करते थे? हम लोगों के बीच में चुटकुले कैसे सुनाते थे। टूर पर कैसे रहते थे? उन सब चीज़ों को लेकर एक रंगजाल बुना जा रहा है दिमाग में। 50 मिनट एक घण्टे की प्रस्तुति में बदला जा सकता है- ‘एक थे कारन्त लेकिन अब जीवन का समय लगता है कम बचा है। लेकिन मैं नाटक को अन्तिम साँस तक जीना-करना चाहता हूँ।

 

Uploading: 1424625 of 23792020 bytes uploaded.


Comments

Popular posts from this blog

कला जीवन में अनुशासन लाती है - सुचित्रा हरमलकर से अपूर्वा बैनर्जी की बातचीत

नदी से माँगी माँ की बेटी हूँ - शारदा सिन्हा

कंठ से झरता कामनाओं का संगीत - स्मरण : संगीत विदुषी वसुंधरा